अंतिम संशोधित (Last Updated): August 7, 2026
दोस्तों, आज हम हिंदी साहित्य के मूर्धन्य नाटककार मोहन राकेश द्वारा रचित चर्चित नाटक ‘लहरों के राजहंस’ के संपूर्ण सारांश, पात्र-परिचय, महत्वपूर्ण कथनों और 55 अति-महत्वपूर्ण प्रश्नोत्तरों(Lahron Ke Rajhans Question Answer) को पढ़ेंगे। यह अध्ययन सामग्री विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं (जैसे NET/JRF, TGT/PGT, B.A., M.A. आदि) के लिए बेहद उपयोगी साबित होने वाली है।
लहरों के राजहंस (मोहन राकेश)
Table of Contents
🎭 नाटक के प्रमुख पात्र एवं उनका परिचय
नंद: नाटक का केंद्रीय पात्र, जो कि गौतम बुद्ध का सौतेला भाई है। यह नाटक उसके मानसिक द्वन्द्व के इर्द-गिर्द रचा गया है। एक ओर वह गौतम बुद्ध से प्रभावित होकर भिक्षु बनना चाहता है, तो दूसरी ओर अपनी पत्नी सुंदरी के प्रति आकृष्ट है। नंद ‘मन’ का प्रतीक है।
सुंदरी: नंद की रूप-गर्विता पत्नी, जो सांसारिकता और सौंदर्य बोध में पूरी तरह रमी हुई है। वह गौतम बुद्ध के संन्यास के लिए यशोधरा की उदासीनता को दोषी मानती है। सुंदरी ‘संसार/काम’ का प्रतीक है।
श्यामांग: नंद का कर्मचारी। वह वैचारिक रूप से गहरे अंतर्द्वन्द्व में जीता है और नंद के मन के भटकाव की चीख का प्रतीक है।
श्वेतांग: नंद का प्रधान कर्मचारी तथा राजमहल में नंद और सुंदरी का अत्यंत विश्वासपात्र।
अलका: सुंदरी की परिचारिका व सहेली।
नीहारिका: राजमहल की दासी।
भिक्षु आनंद: गौतम बुद्ध का प्रमुख शिष्य।
मैत्रेय: नंद का मित्र।
शशांक: गृहाधिकारी।
📖 संक्षिप्त सारांश
‘लहरों के राजहंस’ नाटक में मोहन राकेश ने सांसारिक सुखों (प्रेय) और आध्यात्मिक शांति (श्रेय) के पारस्परिक द्वन्द्व को नंद के माध्यम से प्रस्तुत किया है। यह नाटक 1963 में प्रकाशित हुआ था और प्रसिद्ध संस्कृत कवि अश्वघोष के महाकाव्य ‘सौन्दरनंद’ पर आधारित है।
इस नाटक की संपूर्ण कथा 3 अंकों में विभाजित है, जो कपिलवस्तु में राजकुमार नंद के भवन स्थित सुंदरी के कक्ष के एक ही दृश्य-बंध पर घटित होती है।
अंक-वार कथा:
प्रथम अंक (कामोत्सव का आयोजन): कथा का प्रारंभ सुंदरी द्वारा आयोजित कामोत्सव से होता है। सुंदरी इस आयोजन को भव्य बनाकर बुद्ध के प्रभाव को क्षीण करना चाहती है। नंद सौंदर्य और वैराग्य के बीच फँसा है। कामोत्सव में निमंत्रित अतिथि किसी न किसी बहाने आने से मना कर देते हैं (केवल मैत्रेय आता है), जिससे सुंदरी अपमानित और विक्षुब्ध महसूस करती है।
द्वितीय अंक (आंतरिक द्वन्द्व): श्यामांग के स्वर नंद के आंतरिक भटकाव को दर्शाते हैं। सुंदरी नंद को दर्पण पकड़ाती है, तभी बाहर “बुद्धं शरणं गच्छामि” की ध्वनि गूंजती है और नंद के हाथ से दर्पण गिरकर टूट जाता है। पता चलता है कि बुद्ध द्वार से बिना भिक्षा लिए लौट गए। पश्चाताप में नंद बुद्ध के पास चला जाता है।
तृतीय अंक (परिणति): नंद बुद्ध से बौद्ध धर्म की दीक्षा ले लेता है और अपना मस्तक मुंडवा लेता है। जब वह मुंडित मस्तक के साथ महल लौटता है, तो सुंदरी का रूप-दर्प टूट जाता है और वह इसे अपनी पराजय मानती है। नंद भिक्षु बनकर भी पूर्णतः विरक्त नहीं हो पाता और अंततः अपने विश्वास की तलाश में चला जाता है।
💬 ‘लहरों के राजहंस’ के महत्वपूर्ण कथन
“नारी का आकर्षण पुरुष को पुरुष बनाता है तो उसका अपकर्षण उसे गौतम बुद्ध बना देता है।” — सुंदरी (अलका से, यशोधरा के संदर्भ में)
“आत्मवंचना की भी एक सीमा होती है। आज के दिन वे आशीर्वाद देगी और मुझे? मन में क्या सोचती होगी यह मैं अच्छी तरह जानती हूँ।” — सुंदरी (नंद से)
“कामोत्सव कामना का उत्सव है, आर्य मैत्रेय! मैं अपनी आज की कामना कल के लिए टाल कर रखूं…. क्यों?” — सुंदरी (मैत्रेय से)
“मेरी कामना मेरे अंतर की है, मेरे अन्तर में ही उसकी पूर्ति भी हो सकती है, बाहर का आयोजन उसके लिए उतना महत्त्व नहीं रखता जितना कुछ लोग समझ रहे हैं।” — सुंदरी (मैत्रेय से)
“कह नहीं सकता कौनसा उन्माद अधिक भयानक है- वह जो चेतना की ग्रंथियों को तोड़ देता है, या वह जो उनमें एक ज्वार ले आता है।” — नंद (अलका व सुंदरी के समक्ष)
“कुछ है जो चेतना पर कुंडली मारे बैठा रहता है, और मुझे अपने से मुक्ति नहीं देता।” — नंद (सुंदरी से)
“कहने का अधिकार न हो, परन्तु सोचने का अधिकार तो हर एक को रहता ही है।” — नंद (सुंदरी से)
“अब भी दर्पण की छाया तुम्हारे ऊपर है और तुम्हारी छाया दर्पण के अन्दर है।” — नंद (सुंदरी से)
“जिस ताल में इतने दिनों से थे, उसका अभ्यास, उसका आकर्षण क्या इतनी आसानी से छूट सकता था?” — सुंदरी (अलका से)
“मैं, मैं नहीं हूँ, तुम, तुम नहीं हो, वह, वह नहीं है, सब किसी अंगुली से आकाश में बनाए गए चित्र हैं जो बनने के साथ-साथ मिटते हैं।” — नंद (टूटे दर्पण में देखकर)
“किसी प्रभाव के कारण नहीं, अपनी एक आंतरिक आवश्यकता के कारण और कल और आज के बीच जो बाहर जा रहा है, वह भी किसी प्रभाव के कारण नहीं… अपनी एक और आंतरिक आवश्यकता के कारण।” — नंद (सुंदरी से)
❓ महत्वपूर्ण प्रश्नोत्तर (Objective Questions & Answers)
1. गौतम बुद्ध को किस अन्य नाम से भी जाना जाता है?
उत्तर: तथागत
2. ‘मुझे तुमसे ईर्ष्या होती है’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: श्यामांग का
3. ’लहरों के राजहंस’ की कथा किस ग्रन्थ से ली गई है?
उत्तर: अश्वघोष कृत ‘सौन्दरानन्द’
4. सुन्दरी का आसन कैसा था?
उत्तर: मत्स्याकार
5. ’लौटकर वे नहीं आये, जो आया है वह व्यक्ति दूसरा है।’ यह कथन किसका है?
उत्तर: सुन्दरी का
6. ‘अन्यथा यह ना हो कि कल को तुम भी भिक्षुणी का वेश धारण करने की बात सोचने लगो’ — यह कथन किसने किससे कहा?
उत्तर: सुन्दरी ने अलका से
7. ’लहरों के राजहंस’ नाटक में किस पात्र को नन्द के मन के भटकाव की चीख के रूप में प्रस्तुत किया गया है?
उत्तर: श्यामांग
8. ‘तो तुम थे जो कमल-ताल में राजहंसों पर पत्थर फेंक रहे थे’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: सुन्दरी का
9. ”मुझसे पूछना चाहते हो? परन्तु जो व्यक्ति तुम्हारे किसी भी प्रश्न का उत्तर दे सकता है, वह मैं नहीं हूँ। उत्तर तुम्हें केवल एक ही व्यक्ति से मिल सकता है और उस व्यक्ति का नाम नन्द है।” यह कथन किसका है?
उत्तर: भिक्षु आनंद का
10. ‘तुम समझते हो मैं तुम्हारी इन बेसिर-पैर की बातों पर विश्वास कर लूँगी’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: सुन्दरी का
11. ”नारी का आकर्षण पुरुष को पुरुष बनाता है तो उसका अपकर्षण गौतम बुद्ध बना देता है।” इस कथन से सुन्दरी ने किस पर कटाक्ष किया है?
उत्तर: यशोधरा पर
12. ‘तुम्हारी मनःस्थिति में मैं होता, तो शायद मैं भी वैसा ही करता’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: नन्द का
13. ’सब कुछ एक आवर्त में घूम रहा है। एक चील………. एक चील सब कुछ झपट कर लिए जा रही है। इसे रोको। इसे रोको।’ यह कथन किसका है?
उत्तर: श्यामांग का
14. ‘मैं किस पर अधिक मुग्ध हूँ- तुम्हारी सुन्दरता पर या चातुरी पर’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: नन्द का
15. ’लग रहा था जैसे हाथ लगाते ही वह आशंका से कांप जाएगा।’ यहाँ ‘वह’ शब्द किसके लिए प्रयुक्त हुआ है?
उत्तर: मृग-शावक के लिए
16. ‘क्या कहते हैं आपका ब्याह एक यक्षिणी से हुआ है जो हर समय आपको अपने जादू से चलाती है’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: नन्द का
17. ‘श्वेतांग अभी तुम्हें तुम्हारे गंतव्य तक पहुँचा आयेगा।’ यहाँ सुन्दरी के इस कथन में ‘गंतव्य’ का क्या अभिप्राय है?
उत्तर: अंधकूप
18. ‘यक्षिणी हो या नहीं, मैं नहीं कह सकता, परन्तु मानवी तुम नहीं हो’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: नन्द का
19. कमलताल में किसने पत्थर फेंका था जिससे हंसों का क्रंदन हो उठा था?
उत्तर: श्यामांग ने
20. नंद का प्रधान कर्मचारी कौन था?
उत्तर: श्वेतांग
21. ’लहरों के राजहंस’ का प्रकाशन किस वर्ष हुआ था?
उत्तर: 1963 ई. में
22. ’मैं चौराहे पर खड़ा एक नंगा व्यक्ति हूँ जिसे सभी दिशाएँ लील लेना चाहती हैं और अपने को ढकने के लिए उसके पास कोई आवरण नहीं है।’ यह किसने कहा?
उत्तर: नंद ने
23. ”नारी का आकर्षण पुरुष को पुरुष बनाता है तो उसका अपकर्षण गौतम बुद्ध बना देता है।” सुन्दरी ने यह कथन किससे कहा?
उत्तर: अलका से
24. कामोत्सव में उपस्थित होने वाला एकमात्र अतिथि कौन था?
उत्तर: मैत्रेय
25. ”कोई गौतम बुद्ध से कहे कि कभी कमल ताल के पास जाकर इनसे भी निर्वाण और अमरत्व की बात कहें” — यह कथन किसका है?
उत्तर: सुन्दरी का
26. ’लहरों के राजहंस’ नाटक में कथा का संबंध किस स्थान से है?
उत्तर: कपिलवस्तु
27. ”और किसी को पहचानने में मैं भूल कर सकती हूँ, पर उन्हें पहचानने में नहीं।” यहाँ ’उन्हें’ शब्द किसके लिए प्रयुक्त हुआ है?
उत्तर: बौद्ध भिक्षु-मूर्ति के लिए
28. ”मैं, मैं नहीं हूँ, तुम, तुम नहीं हो, वह, वह नहीं है। सब किसी उँगली से आकाश में बनाए गये चित्र हैं” — नंद के इन विचारों में निहित भाव क्या है?
उत्तर: वैराग्य का भाव
29. श्यामांग किससे भयभीत होकर पत्थर फेंकता था?
उत्तर: छाया (परछाई) से
30. मोहन राकेश का ’लहरों के राजहंस’ कितने अंकों का नाटक है?
उत्तर: तीन अंक
31. मोहन राकेश के किस नाटक में महात्मा बुद्ध के सापेक्ष सौन्दरनंद की कथा को आधार बनाया गया है?
उत्तर: लहरों के राजहंस
32. नंद की मनोस्थिति का आधुनिक परिवेश में क्या संकेत है?
उत्तर: यथार्थ और आदर्श (अध्यात्म और संसार) के सामंजस्य से जूझता हुआ आधुनिक मनुष्य
33. मोहन राकेश के ’लहरों के राजहंस’ की नायिका कौन है?
उत्तर: सुन्दरी
34. ’लहरों के राजहंस’ नाटक में ‘राजहंस’ शब्द का क्या अभिप्राय है?
उत्तर: नंद (तथा मानव का चंचल व अनिर्णायक मन)
35. ”कल और आज के बीच जो बाहर जा रहा है वह भी किसी प्रभाव के कारण नहीं, अपनी आवश्यकता के कारण।” उक्त कथन किसने किससे कहा?
उत्तर: नंद ने सुन्दरी से
36. ”आज तक कभी हुआ है कि कपिलवस्तु के किसी राजपुरुष ने इस भवन से निमंत्रण पाकर अपने को कृतार्थ न समझा हो।” उक्त कथन में सुन्दरी के किस भाव की अभिव्यक्ति हुई है?
उत्तर: गर्विता नारी के अहम् भाव की
37. ”मैं, मैं नहीं हूँ, तुम तुम नहीं हो, वह, वह नहीं है। किसी उँगली से आकाश में बनाए गए चित्र हैं, जो बनने के साथ-साथ मिटते जाते हैं।” इस कथन के वक्ता कौन हैं?
उत्तर: नंद
38. ”मुझे रोकने का तो प्रश्न ही नहीं नन्द, जिसे तुमने रोके रखा है वह व्यक्ति कोई दूसरा ही है।” यह कथन किसका है?
उत्तर: भिक्षु आनंद का
39. ”फिर जिस ताल में इतने दिनों से थे, उसका अभ्यास, उसका आकर्षण क्या इतनी आसानी से छूट सकता था?” उक्त कथन अलका से किसने कहा?
उत्तर: सुन्दरी ने
40. ”कुछ है जो चेतना पर कुंडली मारे बैठा रहता है और मुझे अपने से मुक्त नहीं होने देता।” उक्त कथन नंद के किस भाव को व्यक्त करता है?
उत्तर: संसार और अध्यात्म के बीच चुनाव और निर्णय न कर पाने के द्वन्द्व को
41. ”कह नहीं सकता कौनसा उन्माद अधिक भयानक है- वह जो चेतना की ग्रंथियों को तोड़ देता है…” यह कथन नंद ने किससे कहा?
उत्तर: सुन्दरी से
42. ”मेरी कामना मेरे अन्तर की है, बाहर का आयोजन उसके लिए उतना महत्त्व नहीं रखता।” यह कथन सुन्दरी ने किससे कहा?
उत्तर: मैत्रेय से
43. ”कामोत्सव कामना का उत्सव है।” सुन्दरी ने यह कथन किससे कहा?
उत्तर: मैत्रेय से
44. यशोधरा संन्यास दीक्षा किससे लेने वाली थी?
उत्तर: महात्मा बुद्ध से
45. सुन्दरी ने कामोत्सव का आयोजन क्यों किया था?
उत्तर: संन्यास की महिमा का खंडन और काम (सांसारिकता) का मंडन करने के लिए
46. ’लहरों के राजहंस’ नाटक में अंतर्द्वन्द्व के मध्य कौन-सा पात्र अनिर्णय की स्थिति में रहता है?
उत्तर: नंद
47. नंद कौन है?
उत्तर: महात्मा बुद्ध का सौतेला भाई
48. ’लहरों के राजहंस’ नाटक की कथा का मुख्य केंद्र बिन्दु क्या है?
उत्तर: संसार (काम) और अध्यात्म (वैराग्य) का चुनाव
49. ’सौन्दरानंद’ नामक काव्य ग्रंथ के लेखक कौन हैं?
उत्तर: महाकवि अश्वघोष
50. ‘मेरा मन साधारण बातों में असाधारण अर्थ नहीं ढूँढ़ता’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: सुन्दरी का
51. ‘और किसी को पहचानने में भूल कर सकती हूँ, उन्हें पहचानने में नहीं’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: अलका का
52. ‘आहत होना ही उनके उड़कर चले जाने का कारण हो’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: अलका का
53. ‘सम्भवतः उसे देखने के लिए जो दृष्टि चाहिए, वह दृष्टि तुम्हारे पास नहीं है’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: नन्द का
54. “वाणी के छल से तुम मुझे किस ओर ले जाना चाहते हो। परन्तु वह दिशा मेरी नहीं है। कदापि नहीं है” — यह कथन किसका है?
उत्तर: नन्द का
55. ‘सिर एक भिक्षु का, और शेष शरीर-शेष शरीर एक आहत योद्धा का’ — यह कथन किसका है?
उत्तर: सुन्दरी का
ये भी अच्छे से जानें ⇓⇓
- समास क्या होता है ?
- परीक्षा में आने वाले मुहावरे
- सर्वनाम व उसके भेद
- महत्वपूर्ण विलोम शब्द देखें
- विराम चिन्ह क्या है ?
- परीक्षा में आने वाले ही शब्द युग्म ही पढ़ें
- साहित्य के शानदार वीडियो यहाँ देखें

